जमुआ के सीएमआर गोदाम में अनियमितता का आरोप, बीडीओ ने कराया बंद

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

जमुआ: जमुआ प्रखंड के भारडीह स्थित सीएमआर गोदाम में अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि गोदाम प्रबंधक के अवकाश पर रहने के बावजूद बिना किसी वैध आदेश के गोदाम खोला गया और अनाज का उठाव किया जा रहा था। सूचना मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जिसके बाद प्रशासन ने गोदाम को बंद करा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोदाम प्रबंधक दो दिनों के आकस्मिक अवकाश पर थे। इसी दौरान संतोष कुमार नामक व्यक्ति द्वारा बिना अधिकृत अनुमति के गोदाम का संचालन किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि गोदाम खोलकर अनाज का उठाव भी कराया जा रहा था।

मामले की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव, उप प्रमुख रब्बू हसन रब्बानी, 20 सूत्री अध्यक्ष जुनेद आलम एवं समाजसेवी बैजू यादव गोदाम पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने दावा किया कि गोदाम प्रबंधक की अनुपस्थिति में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गोदाम का संचालन किया जा रहा था।

जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया कि जब अधिकृत प्रभारी मौजूद नहीं थे, तब गोदाम किसके आदेश पर संचालित हो रहा था और अनाज का उठाव कैसे किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को दी गई। सूचना मिलने पर बीडीओ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच के बाद गोदाम को तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया। साथ ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page