गिरिडीह। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद भाकपा माले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सोमवार को नवडीहा ओपी पहुंचे और थाना का घेराव किया। बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी काफी देर तक थाना गेट पर डटे रहे और ओपी प्रभारी की कथित मनमानी एवं कार्यशैली के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भू-माफिया और पुलिस के बीच कथित गठजोड़ के कारण गरीबों और दलितों की जमीन पर कब्जे की घटनाएं हो रही हैं। नेताओं ने कहा कि आम लोगों, मजदूरों और किसानों को थाना स्तर पर कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

भाकपा माले ने थाना परिसर में दलालों और बिचौलियों के कथित जमावड़े पर रोक लगाने तथा मजदूर-किसानों से जुड़े मामलों का 15 दिनों के भीतर समाधान करने की मांग की। मांग पूरा नहीं होने पर गोंदलीटांड़ के पास बेंगाबाद-चतरो मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ओपी प्रभारी की होगी।
तनाव के बीच आंदोलनकारियों के बीच पहुंचीं ओपी प्रभारी, बातचीत के बाद शांत हुआ माहौल
घेराव के दौरान उस समय स्थिति कुछ अलग हो गई, जब आंदोलनकारी ओपी प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच ओपी प्रभारी सबिता कुमारी स्वयं आंदोलनकारियों के बीच पहुंचीं और उनसे बातचीत की। अचानक उनके प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचने से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और माले कार्यकर्ता भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
ओपी प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों की मांगों और शिकायतों को सुना तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बातचीत के बाद मौके पर बना तनाव कम हुआ और माहौल धीरे-धीरे शांत हो गया।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, बढ़ते जनदबाव के बाद ओपी प्रभारी ने लोगों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही थाना के अंदर दलालों और बिचौलियों को नहीं बैठने देने की बात कही गई।

कार्यक्रम में भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य हलधर महतो, जिला सचिव अशोक पासवान, मीना दास, विजय पांडेय, मनोवर हसन बंटी, रामकुमार वर्मा, रीतलाल वर्मा, रिझो महतो, बीरेंद्र वर्मा, रामरतन वर्मा, सुधीर साव, बाबूलाल मंडल, तेजो दास, जहूर अंसारी, टहल हजारा, रोहित हजारा, मालती देवी, धर्मी देवी, कलावती देवी, पंचानंदन ओझा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।