मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक आयोजित, 122 मतदान केंद्रों पर शून्य आवेदन…

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में 31-गांडेय और 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्राप्त दावों-आपत्तियों के साथ प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 की स्थिति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि 5 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक गांडेय विधानसभा क्षेत्र में 2,225 और गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में 2,851 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 5,076 प्रपत्र-6 मिले हैं। वहीं, मतदान केंद्रवार समीक्षा में गांडेय के 406 में से 100 और गिरिडीह के 385 में से 22 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी प्रपत्र-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इस तरह कुल 122 मतदान केंद्रों पर शून्य आवेदन मिलने पर उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजर को विशेष समीक्षा का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं की पहचान कर उनका प्रपत्र-6 प्राप्त करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा छूटे हुए पात्र नागरिकों, नवविवाहित महिलाओं, नए निवासियों और अन्य पात्र लोगों से भी आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो समेत अन्य विवरणों में सुधार तथा निवास स्थान परिवर्तन के लिए पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त करने को कहा गया। प्राप्त आवेदनों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ BLO App के माध्यम से समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को शून्य और कम प्रपत्र-6 वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page