11 अक्टूबर को JTET कराने की तैयारी, 4.40 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; दिसंबर में रिजल्ट की संभावना

giridihviews
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा आयोजित करने से लेकर रिजल्ट जारी करने तक की पूरी प्रस्तावित टाइमलाइन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी है। जैक की तैयारी के अनुसार, JTET का आयोजन 11 अक्टूबर को किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा की आधिकारिक तिथि की घोषणा अभी बाकी है। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की तिथि की औपचारिक घोषणा की जायेगी। इस बार राज्य के सभी जिलों में परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है।

4.40 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

JTET के लिए इस बार करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। लंबे अंतराल के बाद होने वाली इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होगी। जैक की ओर से सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़े।

कक्षा 1 से 5 और 6 से 8 के लिए अलग-अलग परीक्षा

JTET में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 में शिक्षक बनने की पात्रता के लिए अलग-अलग परीक्षा होगी। परीक्षा का आयोजन एक ही दिन दो पालियों में करने की तैयारी है। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए पात्रता परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा आयोजित की जायेगी।

जिन अभ्यर्थियों ने दोनों श्रेणियों यानी कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोनों पालियों में परीक्षा देनी होगी। इससे ऐसे अभ्यर्थियों को एक ही दिन दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड

जैक की प्रस्तावित टाइमलाइन के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। अभ्यर्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, परीक्षा की पाली, समय और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश की जानकारी दी जायेगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी जायेगी कि वे एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें दर्ज सभी विवरणों को ध्यान से जांच लें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचें।

दिसंबर में रिजल्ट जारी करने की तैयारी

जैक की प्रस्तावित टाइमलाइन के मुताबिक JTET का रिजल्ट दिसंबर में जारी करने की तैयारी है। यानी परीक्षा के करीब दो महीने के भीतर परिणाम जारी किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, अंतिम तिथि और परिणाम जारी होने का कार्यक्रम जैक की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

2016 के बाद अब होगी JTET, नौ साल से था इंतजार

झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा लंबे समय से लंबित थी। राज्य में पिछली JTET वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी। इसके बाद से राज्य के अभ्यर्थी लगातार शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित होने का इंतजार कर रहे थे। करीब नौ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अब फिर से JTET आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के प्रावधानों के अनुरूप शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित किया जाना आवश्यक है। झारखंड में यह अधिनियम वर्ष 2011 से प्रभावी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक राज्य में केवल दो बार JTET आयोजित की गयी है। लंबे अंतराल के कारण शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर काफी उत्सुकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page