शव के टुकड़े कर जमीन में दबाए, पहाड़पुर हत्याकांड का खुलासा; प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

बेंगाबाद: इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती और फिर शुरू हुआ प्रेम प्रसंग 19 वर्षीय मिथुन दास उर्फ कारू की दर्दनाक हत्या का कारण बन गया। प्रेमिका के बुलावे पर पहाड़पुर पहुंचे मिथुन की कथित तौर पर घर में ही हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर जमीन में दबा दिए गए। जमीन से शव के कुछ हिस्से बाहर दिखाई देने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की प्रेमिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।

घटना गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव की है। पुलिस को 3 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि जगदीश दास के घर के पीछे जमीन पर मानव शव के कुछ टुकड़े पड़े हैं। कुछ अवशेष जमीन के अंदर दबे होने की भी जानकारी मिली। सूचना पर बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद अंचल अधिकारी, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किए गए।

30 अगस्त को निकला था घर से

मृतक मिथुन दास उर्फ कारू बिहार के जमुई जिले के मोरियाडीह का रहने वाला था। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि पहाड़पुर निवासी सपना कुमारी के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी और मिथुन अक्सर उससे मिलने पहाड़पुर आता था।

बताया गया कि 30 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे मिथुन घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर उसकी तलाश की गुहार लगाई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बुलाकर हत्या करने का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मिथुन को उसकी प्रेमिका के माध्यम से पहाड़पुर बुलाया गया था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े किए गए और जमीन में दबा दिया गया। पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए घटना की कड़ियों को जोड़ा और आरोपियों तक पहुंची।

आरी समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बताई जा रही आरी के अलावा खून लगे कपड़े, बेडशीट, तकिया कवर और अन्य सामान बरामद किए हैं। मृतक के मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी टीम

मामले के उद्भेदन के लिए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, पुलिस पदाधिकारी विजय मंडल, जगन्नाथ पान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त जगदीश दास, सपना कुमारी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। मामले में बेंगाबाद थाना कांड संख्या 156/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 61(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page