दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा की तैयारियों को लेकर महापौर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित…

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह:- आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पूजा स्थलों की सुविधाओं तथा छठ घाटों के बेहतर निर्माण एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर महापौर, श्रीमती प्रमिला मेहरा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में आम नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उप महापौर, श्री सुमित कुमार, नगर आयुक्त, श्री विजय सिंह बिरुवा, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, प्रमुख पूजा स्थलों, पूजा पंडालों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा कूड़ा-कचरा के समुचित उठाव एवं निष्पादन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा एवं दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त स्वच्छता, जल निकासी तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वहीं, छठ पूजा को लेकर छठ घाटों की तैयारी पर भी विस्तार से चर्चा की गई। घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर बल दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि पर्व-त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई व्यवस्था लगातार बनी रहे। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों एवं संसाधनों की तैनाती करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

नगर निगम प्रशासन द्वारा पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक नागरिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित सभी विभागीय स्तरों पर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक तैयारियों को गति देने की बात कही गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान शहर में साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page