गिरिडीह कॉलेज में ABVP का आंदोलन सातवें दिन भी जारी, विश्वविद्यालय प्रशासन को दिया 24 घंटे का समय

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक खाते से अवैध निकासी के आरोपों की जांच की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। संगठन का कहना है कि संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य करीब दो माह पूर्व विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

आंदोलन को समर्थन देने ABVP झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी गिरिडीह पहुंचे और धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठ गए। उनके धरने पर बैठने के बाद विनोबा भावे विश्वविद्यालय का दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आंदोलन स्थल पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनरत कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों की जानकारी ली तथा मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि ABVP किसी व्यक्ति को पहले से दोषी घोषित करने की मांग नहीं कर रही है। संगठन की मांग है कि उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को दिए गए आश्वासन को अब कार्रवाई में बदलना होगा।

प्रकाश टुटी ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 24 घंटे की समयसीमा देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में जांच और कार्रवाई की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो ABVP आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के घेराव तथा कुलपति के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन करने की घोषणा की।

चार दिन की भूख हड़ताल के बाद दो कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती

आंदोलन के दौरान ABVP जिला संयोजक नीरज चौधरी और सीएफएस संयोजक अनीश रॉय पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे। लगातार भूख हड़ताल के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने पर चिकित्सकों की सलाह से दोनों को सदर अस्पताल, गिरिडीह में भर्ती कराया गया है। संगठन की ओर से बताया गया कि दोनों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू भी धरने पर

ABVP के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू भी आंदोलन में शामिल होकर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि गिरिडीह कॉलेज से जुड़े मुद्दे विद्यार्थियों के भविष्य से संबंधित हैं और इन पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने भी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

कई नेताओं ने दिया नैतिक समर्थन

आंदोलन को विभिन्न स्तरों पर नैतिक समर्थन भी मिला। ABVP के पूर्व प्रदेश मंत्री रोशन सिंह, पूर्व नगर मंत्री रूपेश स्वरनगर, भाजपा कोडरमा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय और कोषाध्यक्ष मुकेश जलान समेत अन्य लोग धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने तथा उपलब्ध दस्तावेजों और रिकॉर्ड का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि अब उसकी नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। 24 घंटे के भीतर ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की चेतावनी दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page