विश्व शांति दिवस पर इनर व्हील क्लब ने छात्राओं के बीच दिया शांति का संदेश…..

विश्व शांति दिवस पर इनर व्हील क्लब ने विद्यार्थियों के बीच दिया शांति, प्रेम और सद्भाव का संदेश

Abhimanyu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह। विश्व शांति दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की ओर से शहर के दो विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के बीच शांति, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शांति का संकल्प लेते हुए समाज में प्रेम और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्मेल स्कूल से हुई, जहां करीब 2,000 विद्यार्थियों के बीच क्लब की प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने विश्व शांति का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने शांति, प्रेम और भाईचारे से जुड़े संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे की कैंडल से कैंडल जलाकर शांति की ज्योत को आगे बढ़ाया। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर ट्रेसिल्डा ने भी विद्यार्थियों से प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

इसके बाद पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल में करीब 800 छात्राओं के बीच विश्व शांति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांति रैली निकाली। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर पचंबा की विभिन्न गलियों और मोहल्लों तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने लोगों को शांति, सद्भाव, प्रेम और भाईचारे के प्रति जागरूक किया।

रैली में छात्राओं के हाथों में “शांति की शुरुआत हमसे होती है”, “सभी धर्म एक हैं”, “प्रेम और सद्भाव अपनाएं” तथा “हिंसा छोड़ें, शांति जोड़ें” जैसे संदेश लिखे प्लेकार्ड थे। कार्यक्रम के दौरान कैंडल जलाकर शांति गीत और प्रार्थना भी की गई। वहीं “सभी धर्म एक हैं” विषय पर छात्राओं ने लघु नाटक प्रस्तुत कर आपसी एकता और सद्भाव का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के तहत भाषण, पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने कहा कि विश्व शांति की शुरुआत स्वयं से, फिर परिवार, विद्यालय और समाज से होती है। उन्होंने सभी से प्रेम, सहिष्णुता और संवाद को अपनाने की अपील की।

 

एडिटर समा परवीन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि क्लब की सदस्यों ने विद्यालय में सुंदर और व्यापक कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं के बीच शांति का संदेश पहुंचाया। उन्होंने इसके लिए क्लब की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की जागरूकता रैली और रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में एडिटर समा परवीन, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, IPP कविता राजगढ़िया, एग्जीक्यूटिव मेंबर तनुजा भूषण एवं तनुजा सहाय, मेंबर सुधा श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि “शांति की शुरुआत दुनिया से नहीं, हमसे होती है।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page