गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पिछले छह दिनों से लापता 28 वर्षीय शुभम कुमार साहू का शव शनिवार को उसरी फॉल के ऊपरी हिस्से से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुभम के पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने 29 सितंबर 2026 को मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बेटे के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया था कि 27 सितंबर को करीब दोपहर 2 बजे शुभम घर से काम करने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

आवेदन के मुताबिक, शुभम घर से निकलते समय अपनी मोटरसाइकिल लेकर गया था। बाद में उसकी बाइक उसरी फॉल के पास जंगल क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद हुई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शनिवार को पुलिस टीम ने स्थानीय मछुआरों की मदद से उसरी फॉल इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद पानी से शुभम का शव बरामद किया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शुभम की मौत कैसे हुई। हत्या, हादसा या आत्महत्या, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
