गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वैन और पल्सर की टक्कर में दो युवकों की मौत..

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित चंद्रवंशी नगर मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पिकअप वैन और बजाज पल्सर बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की पहचान शशिकांत वर्मा, निवासी सरिया क्षेत्र के केशगढ़ी और विकास यादव, निवासी बरमसिया, बिरनी के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि शशिकांत अपनी मां का इकलौता बेटा था। हादसे में उसकी मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, शशिकांत की मां की हालत भी सदमे के कारण बेहद खराब है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। दोनों युवक बाइक से गिरिडीह कॉलेज रोड की ओर से शहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह से बेंगाबाद की ओर जा रही मालवाहक पिकअप वैन ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

हादसे के बाद पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक

दुर्घटना के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को कब्जे में ले लिया है। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है।

बाइक पर लिखा था ‘यदुवंशी’

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पल्सर बाइक के आगे के हिस्से पर ‘यदुवंशी’ लिखा हुआ मिला था। पुलिस ने उपलब्ध सुरागों और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दोनों मृतकों की पहचान की। वहीं, पिकअप वैन के फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Advertisement

 

पुलिस हादसे के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है। इधर, दो युवकों की मौत की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *