ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस-माले का हल्लाबोल, प्रतिवाद मार्च निकालकर की कार्रवाई की मांग….

Abhimanyu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में मंगलवार को इंडिया गठबंधन के बैनर तले कांग्रेस और भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने गिरिडीह में प्रतिवाद मार्च निकाला। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रतिवाद मार्च झंडा मैदान से शुरू हुआ। यहां से कार्यकर्ताओं का काफिला नटराज चौक स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचा। नेताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मार्च टावर चौक, कालीबाड़ी चौक होते हुए बड़ा चौक पहुंचा और अंत में गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष समाप्त हुआ। यहां सभा का आयोजन किया गया।

 

सभा को संबोधित करते हुए माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का पद संवैधानिक है और आयोग की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की।

Advertisement

बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 से संबंधित प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में भी आपत्तियां दर्ज की गई हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े फैसलों से संविधान के अनुच्छेद 326 की भावना प्रभावित हुई है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मार्च में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, प्रदेश महासचिव सुरेंद्र सिंह, माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व विधायक विनोद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, मुखिया मो. समीम, डॉ. समीर राज चौधरी, राजेश सिन्हा, मनोज यादव, अशोक विश्वकर्मा, लड्डू खान, नरेश वर्मा, राजेश तुरी, साबिर खान और जयंती कुमारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *