गिरिडीह: आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान को लेकर गिरिडीह समाहरणालय में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासन से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, आवास, पेंशन, रोजगार, सड़क सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता से प्राप्त आवेदनों को महज कागजी प्रक्रिया न मानते हुए समस्याओं के वास्तविक समाधान के उद्देश्य से कार्रवाई की जाए। साथ ही पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने देने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करने, लंबित मामलों की प्रगति पर नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने को कहा।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
