गिरिडीह डीसी के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी WhatsApp अकाउंट से महिला से ₹20 हजार की ठगी

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: जिले में उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। फर्जी WhatsApp अकाउंट के जरिए खुशी रानी शर्मा से 20 हजार रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया। इसके माध्यम से साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। मामले में उपलब्ध भुगतान संबंधी साक्ष्यों और डिजिटल लेन-देन के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी

घटना के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी अधिकारी के नाम, फोटो या पदनाम का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाना और उसके जरिए लोगों से पैसे मांगना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अनजान नंबर से पैसे मांगने पर रहें सावधान

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि WhatsApp या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी अधिकारी के नाम और फोटो से आने वाले संदेशों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। यदि किसी अनजान नंबर से पैसे की मांग की जाती है, तो संबंधित अधिकारी या कार्यालय से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करने के बाद ही कोई कदम उठाएं। संदिग्ध अकाउंट की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर थाना को दें।

साइबर ठगी होने पर यहां करें शिकायत

प्रशासन ने साइबर ठगी का शिकार होने वाले लोगों से बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को गुमराह कर ठगी करने और अधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *