गिरिडीह के सूरज ने जीता रजत, आयुष ने कांस्य पदक; राज्यस्तरीय पैरा योगासना प्रतियोगिता में जिले का बढ़ाया मान

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित द्वितीय राज्यस्तरीय पैरा योगासना स्पोर्ट प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में गिरिडीह के सूरज कुमार ने रजत पदक, जबकि आयुष कुमार ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए आयोजन समिति की ओर से पदक देकर सम्मानित किया गया।

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित मिथिला संस्कृति परिषद में झारखंड योगासना स्पोर्ट के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यभर से लगभग 150 दिव्यांग बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गिरिडीह जिले से चार मूक-बधिर खिलाड़ियों आयुष कुमार, सूरज कुमार, विकास किस्कू और पीयूष यादव ने भाग लिया। उनके साथ जिला महासचिव सह टीम कोच अमित स्वर्णकार और मूक-बधिर विद्यालय के शिक्षक सह टीम मैनेजर नीरज कुमार भी मौजूद थे।

खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता

जिला योगासना स्पोर्ट संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि महासचिव अमित स्वर्णकार और कोषाध्यक्ष दयानंद जायसवाल ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन के कारण ही खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफल रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों के आने-जाने सहित अन्य खर्चों का वहन जिला संघ की ओर से किया गया।

मूक-बधिर बच्चों को प्रशिक्षण देना था चुनौतीपूर्ण

जिला महासचिव सह टीम कोच अमित स्वर्णकार ने बताया कि मूक-बधिर बच्चों को योगासना का प्रशिक्षण देना उनके लिए भी एक नया अनुभव था। बच्चों को प्रशिक्षण देने में कुछ चुनौतियां थीं, लेकिन साथी कोच दयानंद जायसवाल के सहयोग से यह संभव हो सका।

उन्होंने मूक-बधिर विद्यालय के शिक्षक नीरज कुमार और विद्यालय के सचिव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन के सहयोग और अनुमति से बच्चों को प्रशिक्षण देने तथा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जमशेदपुर ले जाना संभव हो पाया।

गिरिडीह के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

अमित स्वर्णकार ने कहा कि गिरिडीह जिले के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। जिले से पहली बार दिव्यांग वर्ग के बच्चों ने इस तरह की राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। यह उपलब्धि दूसरे बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई

खिलाड़ियों की इस सफलता पर गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ के मुख्य संरक्षक राजेश जलान उर्फ फैंटा जलान, अध्यक्ष संतोष शर्मा, उपाध्यक्ष पुष्पा शक्ति सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *