गिरिडीह : गिरिडीह जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग तेज होने लगी है। इसको लेकर भईया जी फ्री फिजिकल एकेडमी की टीम और बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र संख्या-32 की श्वेता शर्मा से पहल करने की अपील की है।
टीम के अनुसार, होमगार्ड बहाली प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से पूर्व में दो बार उपायुक्त को आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक बहाली प्रक्रिया शुरू होने के संबंध में कोई स्पष्ट आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
बहाली को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से जिले के हजारों इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच असमंजस बना हुआ है। लंबे समय से बहाली की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को अब तक प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है।
भईया जी फ्री फिजिकल एकेडमी की टीम ने श्वेता शर्मा से आग्रह किया है कि वे इस मामले को जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष उठाएं। साथ ही गिरिडीह जिले में होमगार्ड बहाली जल्द शुरू कराने और इससे संबंधित आधिकारिक जानकारी जारी कराने के लिए आवश्यक पहल करें।
टीम का कहना है कि होमगार्ड बहाली जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बहाली प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करना और जल्द निर्णय लेना आवश्यक है।
एकेडमी की टीम ने उम्मीद जताई है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी, जिससे बहाली की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिल सकेगी।
