धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित गोपालगंज मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक अशरफ अली (36) की मौत हो गई, जबकि उनकी शिक्षिका पत्नी जाह्नवी खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह भी बुरी तरह जख्मी हो गया।
पदोन्नति के लिए परीक्षा देने आए थे दंपती
जानकारी के अनुसार, अशरफ अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले थे। वह धनबाद के निरसा में सरकारी विद्यालय में पदस्थापित थे, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून पश्चिम बंगाल में शिक्षिका हैं। दोनों बराकर में किराये के मकान में रहते थे। करियर में पदोन्नति के उद्देश्य से दंपती रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल केंद्र में आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में शामिल होने पहुंचे थे।
पीछे से आ रहे अनियंत्रित पिकअप ने मारी टक्कर
परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों पति-पत्नी बाइक से बराकर लौट रहे थे। जैसे ही वे निरसा के गोपालगंज मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी जाह्नवी खातून का अस्पताल में इलाज जारी है।
भागने के प्रयास में दूसरी बाइक को भी रौंदा
पहली बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान रास्ते में उसने दूसरी बाइक पर सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी जोरदार टक्कर मार दी। अक्षय टाइल्स-मार्बल का काम करते हैं और दोपहर का खाना खाने अपने घर जा रहे थे। इस टक्कर में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें भी स्थानीय लोगों द्वारा एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार पिकअप वाहन व चालक की तलाश कर रही है। वहीं, शिक्षक अशरफ अली की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
