सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, गिरिडीह में बी.एड एवं डी.एल.एड सत्र 2026-28 का ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, गिरिडीह में बी.एड एवं डी.एल.एड सत्र 2026-28 के नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए प्रशिक्षणार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली एवं अनुशासन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के उपनिदेशक आकाश परमहंस, मुख्य अतिथि विभा सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. शमा प्रवीण रहीं, जबकि मंच संचालन निभा ने किया।

इस अवसर पर उपनिदेशक आकाश परमहंस ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त, संस्कारित एवं विकसित समाज के निर्माण का आधार है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपने प्रशिक्षण काल का सदुपयोग करते हुए जिम्मेदार, संवेदनशील एवं कुशल शिक्षक बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की अपील की।

मुख्य अतिथि विभा सिंह ने कहा कि शिक्षक आने वाली पीढ़ी के भविष्य का निर्माता होता है। उसके ज्ञान, व्यक्तित्व एवं संस्कारों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को अपने अंदर शिक्षण के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी चाहिए।

वहीं, प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत है। महाविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि योग्य, नवाचारशील एवं जिम्मेदार शिक्षकों का निर्माण करना है, जो शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, समयबद्धता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा करने का आह्वान किया।

पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए डॉ. कौशल राज ने बी.एड के पाठ्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि प्रो. धर्मेंद्र कुमार मंडल ने डी.एल.एड पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को शिक्षण-अभ्यास, परीक्षा प्रणाली, उपस्थिति एवं महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने एनएसएस की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं सामाजिक कार्यों में इसकी भूमिका की जानकारी दी। इसके अलावा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. ओमप्रकाश राय, प्रो. राजकिशोर प्रसाद, प्रो. पोरस कुमार, प्रो. बृजमोहन कुमार, प्रो. गुलशन कुमार एवं प्रो. सोमा सूत्रधर ने अपना परिचय देते हुए प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।

कार्यक्रम में नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रो. संदीप चौधरी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को सफल शैक्षणिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश, प्रियेश, पूजा, कृष्णा, उदय सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *