धनतेरस पर गुलजार रहा गिरिडीह का बाजार, जमकर हुई खरीदारी; करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

Pintu Kumar
1 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और दुकानों में खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम होते-होते बाजारों में भीड़ और बढ़ गई। लोगों ने शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी की।

धनतेरस पर ज्वेलरी शोरूम, बाइक और कार के शोरूम के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी अच्छी चहल-पहल रही। महिलाओं ने सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्कों की खरीदारी की। वहीं, लोगों ने टीवी, फ्रिज, दोपहिया और चारपहिया वाहन भी खरीदे।

इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, सजावटी झालर और स्टील व पीतल के बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली।

हालांकि, सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर खरीदारी पर भी पड़ा। एक स्थानीय कारोबारी के अनुसार, कीमतें बढ़ने के कारण कुछ ग्राहकों को अपने बजट के अनुसार खरीदारी में कटौती करनी पड़ी। इसके बावजूद बाजार में ग्राहकों का उत्साह बना रहा।

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और विभिन्न क्षेत्रों में हुई खरीदारी से कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए। व्यापारियों को इस बार गिरिडीह में करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *