15 नवंबर  झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक…

Pintu Kumar
5 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह:- झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 एवं वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगाँठ के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी जुड़े। बैठक में राज्य स्तर से निर्धारित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

तीन स्तरों पर आयोजित होगी ‘Run For Cleanliness’ दौड़…

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दिनांक 15 नवंबर 2026 को प्रातः 07:00 बजे से 08:00 बजे तक जिले में ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना है। *जिला स्तर पर बड़ा चौक से शास्त्री नगर तक लगभग एक किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। वहीं, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी चयनित महत्वपूर्ण स्थलों से एक किलोमीटर की दौड़ का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संबंधित स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। इस अभियान के माध्यम से #SwachhJharkhandViksitJharkhand का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं…

बैठक में निर्देश दिया गया कि दिनांक 17 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं, नाटक, नृत्य-संगीत तथा निबंध लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों द्वारा 26 एवं 27 नवंबर को राँची के खेलगाँव में राज्य स्तरीय आयोजन में भागीदारी एवं प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, प्रतिभागियों एवं विजेता टीमों के बीच 28 नवंबर 2026 को आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

उपायुक्त ने जनभागीदारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर दिया जोर…

इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगाँठ के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि इनके माध्यम से जनभागीदारी, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा जिले की विकासात्मक उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं बेहतर आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से ‘Run For Cleanliness’ के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आमजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करें, ताकि सभी कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

खेलगाँव, राँची में 26 से 28 नवंबर तक मेला-सह-प्रदर्शनी का होगा आयोजन…

वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगाँठ के अवसर पर दिनांक 26 से 28 नवंबर 2026 तक खेलगाँव, राँची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभागीय स्टॉल के माध्यम से संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों, जनोपयोगी सेवाओं, नई तकनीकों एवं नवाचार संबंधी कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदर्शनी में प्रत्येक जिले की ओर से एक स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें One District, One Product (ODOP), One District, One Destination तथा One District, One Economic Activity से संबंधित प्रमुख उत्पादों, विशेषताओं एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नवाचार पर केंद्रित स्टॉल में नई तकनीक, अनुसंधान एवं विकास, उपकरण, आईटी से संबंधित सेवाओं तथा स्पोर्ट्स अपैरल आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त, श्री विजय सिंह बिरुवा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *