छठ महापर्व पर स्थानीय बांस कारीगरों को मिला बाजार, जेएसएलपीएस ने लगाया पलाश छठ पर्व स्पेशल बाजार

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गांडेय/गिरिडीह: छठ महापर्व को लेकर स्थानीय बांस कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेएसएलपीएस गांडेय, गिरिडीह की ओर से अहिल्यापुर मोड़, ताराटांड़ में ‘पलाश छठ पर्व स्पेशल बाजार’ का स्टॉल लगाया गया है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी बिक्री को प्रोत्साहित करना है। स्टॉल के माध्यम से छठ महापर्व में उपयोग होने वाले बांस से निर्मित पारंपरिक उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है।

इस आयोजन से समूह की महिलाओं में काफी खुशी देखने को मिली। महिलाओं को अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के लिए एक बेहतर मंच मिलने से उनके आत्मविश्वास और उत्साह में वृद्धि हुई है।

जेएसएलपीएस की इस पहल से स्थानीय श्रम शक्ति को सम्मान देने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही मांग आधारित उत्पादों के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा और कारीगरों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।

इस तरह के आयोजन से स्थानीय उत्पादों को बाजार में पहचान मिलने के साथ ग्राहकों को भी स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार पारंपरिक वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *