ताराटांड़: छठ महापर्व के अवसर पर स्थानीय बांस कारीगरों एवं ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेएसएलपीएस गांडेय की ओर से अहिल्यापुर मोड़, ताराटांड़ बाजार में पलाश छठ पूजा स्पेशल बाजार के तहत स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल के माध्यम से पंडरी पंचायत के नवाटांड़ गांव की मोहाली बांस कला उत्पादक समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित छठ पूजा से संबंधित बांस के उत्पादों की बिक्री की जा रही है।
बताया गया कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मोहाली बांस कला उत्पादक समूह का गठन किया गया है। समूह की महिलाओं को आरसेटी गिरिडीह के माध्यम से 13 दिनों का प्रशिक्षण दिलाया गया, ताकि उनके पारंपरिक हुनर को निखारकर बेहतर उत्पाद तैयार करने के लिए सक्षम बनाया जा सके। इसके साथ ही महिलाओं को वित्तीय सहयोग एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
मौके पर संकुल समन्वयक मोहन पंडित ने बताया कि समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। वहीं संकुल के एफटीसी रामचंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की श्रमशक्ति और हुनर को सम्मान देने के उद्देश्य से छठ महापर्व के अवसर पर पलाश छठ पूजा स्पेशल बाजार के तहत स्टॉल लगाया गया है। इससे महिलाओं द्वारा तैयार बांस के उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ उनका प्रचार-प्रसार भी होगा और उन्हें बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि समूह की महिलाएं घर के कामकाज के साथ बांस से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करती हैं। इन उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में उनके परिवार के सदस्य भी सहयोग करते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
वहीं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक संदीप मिंज ने बताया कि समूह की महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बांस से जरूरी उत्पादों के निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की भी योजना है, ताकि महिलाएं घर के कार्यों के साथ स्वरोजगार कर सकें और अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए पलाश स्पेशल बाजार की पहल की गई है, जिससे उन्हें बेहतर व्यापारी और बाजार मिल सके।
इस अवसर पर तुलिया देवी, संजोती देवी, बड़की देवी, संगीता देवी, माया देवी सहित समूह की अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।
