गिरिडीह: उसरी बचाव अभियान के तहत उसरी महोत्सव के सफल आयोजन में मीडिया कर्मियों के योगदान को सराहने के लिए शुक्रवार शाम गिरिडीह सर्किट हाउस में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि पत्रकारों की मेहनत के कारण न केवल झारखंड, बिहार और बंगाल बल्कि पूरे भारत और सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशों तक भी उसरी महोत्सव की जानकारी पहुंची।
सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों ने उसरी नदी के संरक्षण और पर्यावरणीय महत्व पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल पत्रकारों का मनोबल बढ़ता है बल्कि उनकी कार्य निष्ठा भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों के लिए खान-पान की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजकों ने सभी सम्मानित पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की बात कही।