पलामू: झारखंड पुलिस के लिए चुनौती बने कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर मंगलवार सुबह पलामू के रामगढ़ इलाके में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, रांची पुलिस की टीम अमन साहू को रायपुर से पूछताछ के लिए रिमांड पर लेकर रांची ला रही थी। इसी दौरान पलामू में पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे का फायदा उठाकर अमन साहू ने पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया।
इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कौन था अमन साहू?
अमन साहू झारखंड के रांची जिले के ठाकुरगांव स्थित मतबे गांव का रहने वाला था। वह पहले एक नक्सली था, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में उतर आया। करीब 2013 में उसने अपना गैंग बनाया और झारखंड में रंगदारी, हत्या और एक्सटॉर्शन जैसे मामलों में लिप्त हो गया। उसके खिलाफ 100 से ज्यादा केस दर्ज थे।
हाल के दिनों में झारखंड पुलिस और प्रशासन के लिए वह एक बड़ी चुनौती बन गया था। सोशल मीडिया पर उसने कई बार हथियार लहराते हुए तस्वीरें भी पोस्ट की थीं।