गिरिडीह: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गिरिडीह कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स द्वारा पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान कॉलेज की प्रोफेसर विनीता के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें कैडेट्स ने झंडा मैदान से टावर चौक तक रैली निकाली। हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पोस्टर और नारों के माध्यम से आम लोगों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
रैली के बाद कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रो. विनीता सहित सभी कैडेट्स ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रो. विनीता ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर आज देशभर में करोड़ों लोग पौधा रोपण कर प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प ले रहे हैं। इसी कड़ी में गिरिडीह कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम उठाया है।”
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स प्रफुल्ल, सिया, विकास, नीरज, राहुल सहित लगभग 55 कैडेट्स मौजूद रहे।