गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज के लिए गौरव का क्षण है। कॉलेज की छात्रा रानी कुमारी और छात्र सागर कुमार का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
22 सितंबर 2025 को जगन्नाथ जैन कॉलेज, तिलैया में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित अंतर्महाविद्यालय चयन प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रानी ने महिला रिकर्व वर्ग में जबकि सागर ने पुरुष रिकर्व वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब गिरिडीह कॉलेज के खिलाड़ियों ने इस स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
दोनों खिलाड़ियों का चयन गुरु काशी यूनिवर्सिटी, पंजाब में होने वाली ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार, खेल प्रभारी प्रोनयन सोरेन, क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. एम. एन. सिंह और खेल प्रशिक्षक जय प्रकाश नारायण ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच जितेंद्र कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत और कॉलेज की ओर से मिले सहयोग ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। वहीं प्राचार्य डॉ. कुमार ने आश्वासन दिया कि कॉलेज हमेशा अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा है और उनके विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा।