राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती का दिया निर्देश


 

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी को राजभवन बुलाकर विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने अतिथि शिक्षक के भरोसे पठन-पाठन पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अभाव में वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यह छात्रों के भविष्य के लिए अच्छा नहीं है। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों के 2030 पद रिक्त हैं। 

राज्यपाल ने झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष से विश्वविद्यालय शिक्षकों के लंबित प्रोन्नति, बैकलॉग नियुक्ति के साथ-साथ विश्वविद्यालय, महाविद्यालय में रिक्त पदों की विस्तार से जानकारी ली। शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए की जा रही कार्रवाई पर जानकारी हासिल की। 

ज्ञात है कि राज्यपाल से बीते दो नवंबर को भी झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष आमिताभ चौधरी ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की थी। तब भी राज्यपाल ने उनसे कहा था कि झारखंड लोक सेवा आयोग एक महत्वपूर्ण संस्था है। राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी कई रिक्तियां हैं, छात्रहित में नियुक्ति करना अनिवार्य है। साथ ही बहुत से शिक्षकों के प्रोन्नति सबंधी मामले लंबित हैं। तब राज्यपाल ने आयोग के अध्यक्ष से रिक्त पदों पर नियुक्ति में तेजी से काम शुरू होने की अपेक्षा जताई थी।

जानकारी के अनुसार राज्यपाल ने मंगलवार को जेपीएससी के अध्यक्ष को बुलाकर नियुक्तियों में तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। प्रोन्नति एवं अन्य लंबित मामलों पर भी ठोस पहल करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने समय-समय पर विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई हुई वार्ता के दौरान भी नियुक्तियों पर खासा जोर दिया है। 

2030 पद रिक्त हैं शिक्षकों के विश्वविद्यालयों में 

राज्य के विश्वविद्यालयों में  शिक्षकों के 2030 पद रिक्त हैं। रांची विश्वविद्यालय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, बिनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय, नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय और सिद्धू कान्हू विश्वविद्यालय में 3732 पद स्वीकृत हैं। इनमें 2030 पद रिक्त हैं, जबकि 4181 पद अतिरिक्त हैं, जिन्हें स्वीकृत करने और उन पर नियुक्ति होनी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page