महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर विनोद सिंह समेत बिहार के 8 माले विधायकों ने भी मोर्चा संभाला


 



महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर विनोद सिंह समेत बिहार के 8 माले विधायकों ने भी मोर्चा संभाला

गिरिडीह जिले में भाकपा माले ने इस बार महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर काले कृषि कानूनों के खिलाफ जन अभियान चलाते हुए मानव श्रृंखला का आयोजन करने का निर्णय लिया था जिसे जोरदार और ऐतिहासिक बनाने के लिए बगोदर से पार्टी विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव समेत बिहार से नव निर्वाचित भाकपा माले के 8 विधायक भी मोर्चा संभाले हुए हैं।

बिहार से भाकपा माले के 8 विधायक क्रमशः कॉ अरूण सिंह, कॉ वीरेंद गुप्ता, कॉ गोपाल रविदास, कॉ मनोज मंजिल, वरिष्ठ विधायक कॉ सुदामा प्रसाद, कॉ रामबली प्रसाद, कॉ महानंद शरीक होंगे।

निरसा (धनबाद) के पूर्व विधायक कॉ अरूप चटर्जी भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

आज इसे लेकर स्थानीय नया परिषदन भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बगोदर विधायक विनोद सिंह तथा घोसी (बिहार) के विधायक रामबली सिंह यादव ने उपरोक्त बातें कहीं।

विधायक विनोद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, कोरोना काल ने यह साबित किया कि देश का सरकारी सिस्टम और कृषि ही आम जनता को संकट से उबारने का मजबूत साधन है। लेकिन मोदी सरकार यह सब कुछ पूंजी पतियों के हवाले कर देना चाहती है। कोरोना के सबसे गंभीर दौर में मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर अंबानी अडानी को फायदा पहुंचाने की नियत से कृषि कानून को पास कर दिया और अब जबकि कोरोना ढलान पर और काले कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन उफान पर है, तो केंद्र सरकार कोरोना का ही बहाना बनाकर संसद सत्र स्थगित कर रही है। सरकार किसान कानूनों के मुद्दे पर बहस से भाग रही है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह जन राजनीति और तत्कालिक जन सवालों पर राजनीति के प्रतीक रहे हैं, इसलिए इस बार महेंद्र सिंह शहादत दिवस को किसान आंदोलन से जोड़कर मनाने का लक्ष्य लिया गया। कहा कि करीब 150 किमी दूरी तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।

वहीं, घोसी (बिहार) से भाकपा माले के विधायक रामबली सिंह यादव ने प्रेस वार्ता में कहा कि, महेंद्र सिंह शहादत दिवस हमेशा से ऐतिहासिक रहा है, क्योंकि महेंद्र सिंह अविभाजित बिहार के सर्वमान्य नेता थे। खेत-खलिहानों में उनके संघर्ष की यादें आज भी ताजा हैं। विधायक श्री यादव ने कहा कि, केंद्र सरकार ने किसान कानूनों के मामले में सुप्रीम कोर्ट को भी बरगलाने का काम किया है। कहा कि कोर्ट द्वारा बनाई गई 4 सदस्यीय समिति के एक सदस्य ने इस्तीफा भी दे दिया है। मोदी सरकार द्वारा असंवैधानिक तरीके से लाए गए इस कानून को किसान कभी भी नहीं मानेंगे। सरकार को कानून वापस लेने होंगे। पूरा झारखंड और बिहार किसान आंदोलन के पक्ष में खड़ा है। बिहार में इसी सवाल पर 5 जनवरी से अनिश्चितकालीन जिला स्तर पर धरना तथा 30 जनवरी महात्मा गांधी शहीद दिवस पर पूरे बिहार में मानव श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

माले विधायकों ने गिरिडीह जिले की जनता से बड़े पैमाने पर महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर कल मानव श्रृंखला कार्यक्रम में शामिल होकर मोदी सरकार को कड़ा संदेश देने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य सह एआईसीसीटीयू के राष्ट्रीय पार्षद राजेश कुमार यादव, गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा, नौशाद अहमद चांद, प्रीति भास्कर समेत अन्य मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page