माले की टीम ने किया चपुआडीह का दौरा कहा, सरकार बदली, शासन का चरित्र नहीं।


 

पुलिस ज्यादती बर्दाश्त नहीं, हर तरह से ग्रामीणों के साथ।

गिरिडीह:-भाकपा माले की एक टीम ने आज चपुआडीह का दौरा कर वहां हुई कथित पुलिस ज्यादती के मामले को लेकर स्थानीय लोगों से बात कर पुलिस के आला अधिकारियों से उचित छानबीन तथा कार्रवाई की मांग की।माले की टीम में पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य राजेश कुमार यादव, गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा, रामलाल मंडल, सुखदेव गोस्वामी, सुनील कुमार राय, अजय कुमार दास आदि थे।लोगों से बातचीत करने के बाद माले की टीम की ओर से कहा गया कि, वहां एक मोटरसाइकिल शोरूम उद्घाटन की पूजा के दौरान स्थानीय लोगों के साथ हुए विवाद एवं मारपीट की एक घटना के उपरांत देर रात कुछ आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस के द्वारा महिलाओं सहित अन्य के साथ ज्यादती किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को भी कानून के दायरे से बाहर जाकर काम करने का अधिकार नहीं है। झारखंड में सरकार बदलने के बाद भी शासन तंत्र का रवैया लगता है नहीं बदला है। माले नेता ने कहा कि, भाजपा के शासन में इसी प्रखंड क्षेत्र में एक अर्ध विक्षिप्त महिला के साथ बलात्कार की घटना के बाद पुलिस जहां बलात्कारियों पर कार्रवाई नहीं कर रही थी और बलात्कारियों की गिरफ्तारी के लिए थाने का घेराव करना पड़ा था। बड़कीटांड़ तथा नावासेर में भाजपा पूर्व के शासन के दौरान ही पुलिस ज्यादती के बाद आंदोलन किया गया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की गिरिडीह में हुई एक सभा के दौरान महिलाओं और लड़कियों से विरोध के डर से उनके काले दुपट्टे उतरवाकर उन्हें शर्मिंदा किया गया था। लेकिन अब जबकि झारखंड में शासन बदल गया है, फिर भी हालात पहले जैसे ही दिखाई दे रहे हैं। कहा कि, चपुआडीह की घटना में पुलिस पर जो आरोप लगे हैं यदि वे सही हैं तो इस पर तत्काल पुलिस के आला अधिकारियों को संज्ञान लेकर निष्पक्ष कार्रवाई करने की जरूरत है। नहीं तो लोगों का आक्रोश बढ़ेगा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि किसी भी तरह के जोर जुल्म और ज्यादती के खिलाफ ग्रामीणों का साथ दिया जाएगा। मौके पर देवदत्त यादव, अशोक यादव, नंदकिशोर यादव, सरजू महतो, महाराज महतो, झुपर महतो, वीरेंद्र यादव, लक्ष्मी देवी, सावित्री देवी, पीयारी दास, रामदेव दास, गोखुल राणा, बुलाकी रवानी सहित अन्य मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page