उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ने गिरिडीह प्रखंड के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का लिया जायजा, दिया जरूरी दिशा-निर्देश


                

गिरिडीह जिला अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन आज से हुआ प्रारंभ:- उपायुक्त…

● सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कोविड-19 प्रोटोकॉल यथा फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन होगा सुनिश्चित:- उपायुक्त…

● आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों को प्ले स्कूल की तर्ज पर मिलेगी सुविधाएं। केन्द्र को आकर्षक बनाया गया है, जिसके तहत केंद्र को पूर्ण रूप से नया रंग-रोगन, पेंटिंग, कार्टून, फोटो, खेलने की सुविधा आदि के माध्यम से ऐसा बनाया गया है जिससे बच्चे खेल-खेल में पढ़ाई कर सकेंगे:- उपायुक्त…

गिरिडीह, 01 अप्रैल 2021:- छोटे बच्चों की पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री राहुल कुमार सिन्हा ने गिरिडीह प्रखंड के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र, परसाटांड़, आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बेलाटांड़, एवं आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बदडीहा का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने बिजली, पेयजल की आपूर्ति, शौचालय,ड्रेस व अन्य मूलभूत सुविधाओं से अवगत हुए। उन्होंने बताया कि परसाटांड़, बेलाटांड़ एवं बदडीहा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को प्ले स्कूल की तर्ज पर सुविधाएं मिलेगी। केन्द्र को आकर्षक बनाया गया है जिसके तहत केंद्र को पूर्ण रूप से नया रंग-रोगन, पेंटिंग, कार्टून, फोटो आदि के माध्यम से ऐसा बनाया गया है जहां पर बच्चे खेल-खेल में पढ़ाई कर रहे । आंगनबाड़ी केन्द्र पर मूलभूत सुविधाएं जैसे शुद्ध पेयजल ,शौचालय आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न रंगों में पशु-पक्षियों, फलों, सब्जियों व फूल-पत्तों के चित्रों की पेंटिग लगाई गई है, जो बच्चों को आकर्षित करती है। यहां बच्चों को शिक्षा के साथ साथ बेहतर खानपान की व्यवस्था एवं खेल की सुविधा भी मुहैया कराई गई है। 

उपायुक्त ने बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की ली जानकारी …

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले सुविधाओं की जानकारी ली एवं सेविका/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देश दिया कि बच्चों के बीच पोषाहार का सासमय वितरण करें। साथ ही उचित एवं पौष्टिक आहार ही उपलब्ध कराएं। 

उपायुक्त ने बच्चों के बीच चॉकलेट का किया वितरण …

निरीक्षण के क्रम उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध सभी उपकरणों का अवलोकन कर वस्तुस्थिति से अवगत हुए तथा बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। साथ ही सेविका को निदेश दिया कि नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र का साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य करना सुनिश्चित करें तथा समयानुसार गर्भवती माताओं/बच्चों के बीच पोषाहार का वितरण करें। ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उपायुक्त ने सभी सेविका को कोविड-19 प्रोटोकॉल यथा फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य संपादित करने का आवश्यक निर्देश दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों में फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर, साबुन-पानी की उपलब्धता जरूरी:- उपायुक्त…

निरीरक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर, साबुन-पानी की समुचित व्यवस्था का भी जांच किया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी व्यक्तियों को नियमित हाथों की सफाई बहुत जरूरी है। केंद्र के बन्द होने पर भी आंगनबाड़ी सेविकाएं नियमित रूप से केंद्रों पर उपस्थित रहती हैं। इसके अलावा भी विशेष जरूरतों पर केंद्र में आमलोगों की उपस्थिति होती रहती है। ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों पर हाथों की सफाई के लिए साबुन एवं पानी का उपलब्ध होना बहुत ही जरूरी है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर इसकी व्यवस्था का निरीक्षण किया और आगे भी इस सुविधा को सभी केंद्रों पर हमेशा उपलब्ध रखने का निर्देश दिया।

कोरोना संक्रमण की पहचान व रोकथाम हेतु दिया जरूरी दिशा-निर्देश:- उपायुक्त…

निरीरक्षण के क्रम उपायुक्त ने सभी सेविकाओं से उनके पोषक क्षेत्र में कोविड-19 की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी सेविकाओं से कोरोना संक्रमण की पहचान एवं उसकी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में सेविकाएं नियमित क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को इससे बचने के लिए जरूरी उपायों की जानकारी देती रहें। अभी भी इससे बचाव के लिए लोगों को पूरी तरह मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर या साबुन से हाथों की नियमित सफाई के लिए जागरूक करना जरूरी है। संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है इसलिए लोगों को इसके प्रति लापरवाही नहीं बरतने के लिए जागरूक करते रहें।

निरीक्षण के क्रम में उपरोक्त के अलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सेविका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page