गिरिडीह:- लोकसभा निर्वाचन-2024 में मतदाता भागीदारी बढ़ाने, नैतिक मतदान एवं निर्वाचन संबंधी जागरूकता संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार कक्ष में समाज कल्याण अंतर्गत सुपरवाइजर/सेविकाओं के साथ बैठक का आयोजन किया गया तथा सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान नोडल पदाधिकारी, स्वीप कोषांग-सह-जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी सुपरवाइजर को निर्वाचन प्रणाली, मतदान के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा सभी से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही सभी सुपरवाइजर को मतदाता प्रतिज्ञा शपथ पाठ कराया गया। साथ ही बताया गया कि मतदाता अपने मतदान केन्द्र में जाकर अथवा स्वयं Voter Helpline App के माध्यम से अपना एवं अपने परिवार के अन्य अर्हतायुक्त व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत है, का जाँच कर सकते हैं, यदि किसी व्यक्ति अथवा उनके परिवार के अन्य अर्हतायुक्त व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत नही है तो वे अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत करने हेतु प्रपत्र 6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही बताया गया कि मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन अथवा वोटर कार्ड बदलने हेतु प्रपत्र 8 में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने वोटर हेल्पलाइन ऐप के महत्व, c-VIGIL App एवं Fake News की पहचान हेतु वेबसाईट व अन्य माध्यमों की जानकारी दी। उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने, अपडेट या अपना नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में देखने के लिए Voter Helpline App या Voter Service Portal से जांच कर संतुष्ट होने की बात कही। उन्होंने इलेक्टोरल रोल में नाम दर्ज होने के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि मताधिकार का प्रयोग कर हम अपने प्रतिनिधि चुनते हैं यह एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी योग्य मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना है। कोई मतदाता छूटे नहीं इसके लिए समेकित प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके अलावा बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सुपरवाइजर को वोटर अवेयरनेस फोरम की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी से वोटर हेल्पलाइन ऐप डाउनलोड कराया गया। और मतदाता प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई गई। सभी सुपरवाइजर अपने कार्यालय के सभी कर्मचारियों के साथ साथ उनके परिवार के लोगों को वोटर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे। अगर किसी कर्मचारी का वोटर लिस्ट में नाम नही है तो वो फार्म 6 भर सकते हैं। सभी लोग वोटर हेल्पलाईन एप्प डाउनलोड करेंगे एवं सभी कर्मचारी को भी एप्प को डाउनलोड करने के लिए कहेंगे। इसके अलावा बैठक में पीडब्ल्यूडी कोषांग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा पीडब्ल्यूडी कोषांग के लिए उपलब्ध वाहनों की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही सभी सुपरवाइजर को अधिक से अधिक संख्या में पीडब्ल्यूडी मतदाताओं को जागरूक व प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नोडल पदाधिकारी, स्वीप कोषांग सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बाल संरक्षण पदाधिकारी, सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर, डीसीपीयू काउंसलर, जिला पोषण समन्वयक, सभी सुपरवाइजर गिरिडीह जिला, हेल्प डेस्क मैनेजर व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
-Advertisment-
गिरिडीह न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है। हमारी इस न्यूज़ पोर्टल का मुख्य उद्देश्य केवल आपको सच से अवगत कराना है।