बिरनी प्रखंड में महिला के साथ मामूली विवाद में मारपीट , महिला गंभीर रूप से घायल


घायल महिला फुलमती देवी

गिरिडीह: बिरनी प्रखंड क्षेत्र के चोंगाखार पंचायत के ग्राम गुरहा में शनिवार को दोपहर 11 बजे एक मामूली विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट की घटना घटी, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान फुलमती देवी, पति बलदेव महतो, ग्राम गुरहा, ओपी भरकट्टा निवासी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने घायल फुलमती देवी को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरनी पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया।

घायल महिला फुलमती देवी ने भरकट्टा ओपी में अपने देवर दशरथ महतो (पिता सोमर महतो) और देवरानी कौशल्या देवी (पति दशरथ महतो) दोनों ग्राम गुरहा निवासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

महिला का आरोप है कि ईंट चोरी को लेकर हुए विवाद में देवर और देवरानी ने पहले गाली गलौज की, फिर बाल पकड़ कर घसीटते हुए जमीन पर पटक कर ईंट से उसके मुंह और माथे पर वार किया और लात घूंसों से मारा।

IMG-20240727-WA0000-1
Picsart_23-03-27_18-09-27-716

फुलमती देवी ने अपने देवर दशरथ महतो पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उसे अर्धनग्न कर नाजुक अंगों को गलत नीयत से छुआ और रेप करने की धमकी दी। इसके अलावा, कौशल्या देवी ने महिला की नाक में पहनी सोने की नथिया को खींच लिया। घटना के दौरान, बीच बचाव के लिए आए फुलमती देवी की पुत्री करिश्मा कुमारी और पुत्र गंगाधर के साथ भी मारपीट की गई।

फुलमती देवी ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए इन सभी आरोपों को दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वहीं ओपी प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिला है जांच कर दोषियों पर कार्यवाई की जायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page