झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: छह जिलों में रेड अलर्ट, कई इलाकों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा की संभावना…


झारखंड में मौसम की स्थिति गंभीर होती जा रही है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का क्षेत्र राज्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने राज्य के कई जिलों में 15 सितंबर को भारी बारिश की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही रांची समेत अन्य जिलों में शनिवार से ही बारिश हो रही है और इसका असर अगले कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना है।

छह जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 15 सितंबर को राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, धनबाद, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

अन्य जिलों में येलो अलर्ट

राज्य के मध्य हिस्सों, जैसे रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ-साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।

20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश की संभावना

खास तौर पर दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के हिस्सों में, जिनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा शामिल हैं, अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

16 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, 16 सितंबर को राज्य के पश्चिमी भागों, खासकर गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर बनी रहने की आशंका है।

झारखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page