झारखंड का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 28 और 29 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, बादलों के छंटने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान के रास्ते एक पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में प्रवेश कर रहा है। इसका असर राज्य के पश्चिमी, मध्य, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में दिखाई देगा। 28 दिसंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 29 दिसंबर को भी राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
ठंडी हवा से बढ़ेगी सर्दी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश के बाद ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आएगी, जिससे पूरे राज्य में ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
27 दिसंबर का पूर्वानुमान
27 दिसंबर को सुबह कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। इस दिन राज्य में बारिश की संभावना नहीं है।
जिलावार बारिश का अनुमान
शनिवार (28 दिसंबर): गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, गुमला, सिमडेगा और खूंटी।
रविवार (29 दिसंबर): गुमला, रांची, खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला आदि जिलों में बारिश।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।