रजिस्टर-टू सत्यापन की मांग को लेकर किसान जनता पार्टी का धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: जमुआ, बगोदर और गांडेय अंचल की तरह बेंगाबाद, गिरिडीह एवं तिसरी अंचल में भी बिना घूस लिए रजिस्टर-टू का सत्यापन कराने की मांग को लेकर  किसान जनता पार्टी ने झंडा मैदान, गिरिडीह में धरना दिया और शहर में प्रदर्शन किया। यह सातवीं बार था जब पार्टी ने इस मांग को लेकर आंदोलन किया। 

धरने को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमिटी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय ने रिट याचिका संख्या 5925/2022 में आदेश पारित कर 27 फरवरी 2024 को ही झारखंड सरकार, गिरिडीह उपायुक्त और अपर समाहर्ता को जिले के सभी मौजा के रजिस्टर-II की सत्यापित प्रति चार सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।

अपर समाहर्ता ने भी पत्रांक 1854/2024 के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों को आदेश दिया कि वे याचिकाकर्ता से आवेदन और शुल्क लेकर सत्यापित प्रति उपलब्ध कराएं। इस आदेश के तहत जमुआ, बगोदर और गांडेय अंचल ने बिना किसी रिश्वत के सत्यापन कर दिया, लेकिन बेंगाबाद, गिरिडीह और तिसरी अंचल के अधिकारियों ने अब तक सत्यापित प्रति जारी नहीं की। किसान जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि घूस नहीं मिलने के कारण ये अंचल अधिकारी अदालत के आदेश की अनदेखी कर रहे हैं।

पार्टी के कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि गिरिडीह अनुमंडल पदाधिकारी ने भी अंचल अधिकारियों को उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करने की नसीहत दी थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा।

अब पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सत्यापित प्रति नहीं मिली, तो जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत 20 मार्च 2025 को तिसरी में रोड जाम किया जाएगा। इसके बाद बेंगाबाद और गिरिडीह में भी इसी तरह आंदोलन होगा।

धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें बेंगाबाद, गिरिडीह और तिसरी अंचल में बिना घूस सत्यापन की मांग की गई। साथ ही, तीनों अंचल अधिकारियों पर कार्रवाई करने और उनकी संपत्ति की जांच करने की मांग भी उठाई गई।

धरना प्रदर्शन में किसान जनता पार्टी के जिला महासचिव भागीरथ राय, संयोजक दासो मुर्मू, एलिजाबेथ मुर्मू, जागेश्वर ठाकुर, मुकेश राय, बबीता कुमारी, मुन्ना हेंब्रम, घनश्याम पंडित, जहांगीर अंसारी, महादेव विश्वकर्मा, नबी अंसारी, गौने टुडू, हदीश अंसारी, सरिता देवी, मालती देवी, बासुदेव मरांडी, धनेश्वर तुरी, छात्रधारी सिंह, मुन्ना टुडू, मदन तुरी, थुडा हेंब्रम, तालो हेंब्रम, थाम्भी मंडल, मेरूलाल मरांडी, जोशील मरांडी, जसिंता हंसदा, प्रमिला हंसदा समेत सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।

 

 

 

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page