सड़क पर भिड़े आशिक और माशूका, दूसरी लड़की संग प्रेमी को देख आगबबूला हुई प्रेमिका, मच गया हाई वोल्टेज ड्रामा

Share This News

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर मोड़ पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला नाटकीय मोड़ लेता हुआ सड़क पर हंगामे में बदल गया। एक युवती ने अपने प्रेमी को दूसरी युवती के साथ देख बीच सड़क पर हाथापाई शुरू कर दी, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

क्या था मामला?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेंगाबाद की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के व्यवहार से परेशान थी, क्योंकि वह दो दिनों से संपर्क से बाहर था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। जब वह अपने सहेलियों के साथ प्रेमी की खोज में निकली, तो बिशनपुर मोड़ पर उसे प्रेमी एक अन्य युवती के साथ बस से उतरता दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही उसने आपा खो दिया और दोनों युवतियों के बीच सड़क पर कहासुनी व हाथापाई शुरू हो गई।

पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों व युवक को थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने स्पष्ट किया कि उसके साथ मौजूद युवती उसकी प्रेमिका नहीं बल्कि उसके दोस्त की प्रेमिका है, जो मुंबई में कार्यरत है। युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त के कहने पर उसे गांव दिखाने लाया था। मोबाइल की बैटरी खत्म होने से उसका फोन बंद हो गया था, जिससे उसकी प्रेमिका को गलतफहमी हुई।

थाने में स्पष्ट हुआ मामला, हुआ समाधान

पुलिस द्वारा सभी पक्षों की बात सुनने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई और प्रेमिका ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। बाद में आपसी समझौते से विवाद समाप्त हुआ और सभी अपने-अपने घर लौट गए।

स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना मामला

यह पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया।

नोट: सभी संबंधित पक्षों की पहचान गोपनीय रखी गई है।