पटियाला (पंजाब) स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान में 1 से 6 जून तक आयोजित पांचवें राष्ट्रीय योगासना स्पोर्ट्स जजेज ट्रेनिंग प्रोग्राम में झारखंड से छह प्रतिभागियों ने भाग लिया और सभी ने सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय योगासना स्पोर्ट्स जज बनने का गौरव हासिल किया।
इनमें गिरिडीह से अमित स्वर्णकार, लातेहार से प्रशांत सिंह, धनबाद से अभिजीत पात्रा, जमशेदपुर से कुमकुम सिंह, अजय कुमार वर्मा और रवि शंकर नेवर शामिल हैं। गिरिडीह से अमित स्वर्णकार पहले व्यक्ति हैं जिन्हें यह उपलब्धि मिली है। इससे गिरिडीह जिला योगासना संघ में हर्ष का माहौल है।
झारखंड योगासना स्पोर्ट्स संघ के पूर्व महासचिव विपिन कुमार पांडेय ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से 180 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान योगासना स्पोर्ट्स के नवीनतम नियम और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अब झारखंड में भी जजेज ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा ताकि राज्य के अन्य जज भी नए नियमों से अपडेट हो सकें।
गिरिडीह जिला योगासना संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि अमित स्वर्णकार के राष्ट्रीय स्तर के जज बनने से जिले के खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन मिलेगा और वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में सक्षम होंगे।
इस उपलब्धि पर झारखंड योगासना स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी, महासचिव चंदू कुमार, तकनीकी प्रभारी मलय कुमार डे, गिरिडीह संघ के संरक्षक राजेश जालान, नवीनकांत सिंह, सचिव अनीता ओझा समेत कई लोगों ने बधाई दी और आशा जताई कि झारखंड के खिलाड़ी और जज तकनीकी रूप से और सशक्त होंगे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।