गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में एक महिला द्वारा नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर एवं मारपीट कर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोडो स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। पूछताछ में दोनों पीड़िताओं ने बताया कि क्रांति देवी नामक महिला उन्हें डरा-धमकाकर और मारपीट कर जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल रही थी।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी सहित चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में क्रांति देवी (42 वर्ष), पति राजकुमार शर्मा, निवासी बलिया बेड़ा, थाना भरकट्ठा ओपी (बिरनी थाना), जिला गिरिडीह, मो. तौफिक अंसारी, निवासी अहारडीह, थाना गांडेय तथा मुशरफ अंसारी, निवासी घाटाकुल, थाना गांडेय शामिल हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।