खंडोली मोड़ पर ड्रिंक एंड ड्राइव जांच अभियान, 86 वाहनों का चालान, ₹1.23 लाख जुर्माना वसूला…

Share This News

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खंडोली मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने भाग लिया।

जांच अभियान के दौरान कुल 86 वाहनों का चालान किया गया तथा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में ₹1,23,000 का ऑनलाइन जुर्माना वसूला गया। अभियान के तहत वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की गई। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव की गहन जांच भी की गई।

अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, डीएसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, ट्रैफिक ओसी बेंगाबाद तथा मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Advertisement….

प्रशासन ने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Related Post