मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के नेतृत्व में गिरिडीह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को शांति, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, ट्रैफिक डीएसपी, विभिन्न थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मुहर्रम पर्व के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जिला, अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है तथा जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले की पहचान शांति और भाईचारे से है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा संयमित एवं अनुशासित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, उपद्रव करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।