गर्मी और मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जमुआ CHC में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक

Share This News

गिरिडीह: जिले में बढ़ती गर्मी और मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जमुआ में आवश्यक जीवनरक्षक एवं नियमित उपयोग की दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल में ORS, पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक, एंटी रेबीज वैक्सीन, आयरन-फोलिक एसिड समेत कई जरूरी दवाओं का स्टॉक मौजूद है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। गर्मी के मौसम में डायरिया, बुखार, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को देखते हुए ORS और पैरासिटामोल की विशेष व्यवस्था की गई है।

 

अस्पताल में आयरन एवं फोलिक एसिड की करीब 7.5 लाख टैबलेट उपलब्ध हैं। इसके अलावा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयरन सिरप, कैल्शियम विटामिन-D3 और अन्य जरूरी दवाएं भी स्टॉक में रखी गई हैं। एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

Advertisement

जिला प्रशासन ने कहा है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की उपलब्धता की नियमित निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति भी कराई जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में दवा, चिकित्सकीय संसाधन और सेवाओं की लगातार समीक्षा की जाए।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को सरकारी अस्पतालों से बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Related Post