अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन गिरिडीह द्वारा झंडा मैदान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रही। कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने जिलेवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल, प्रभावी और सुलभ माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है और मानसिक तनाव, चिंता व अवसाद जैसी समस्याओं से राहत मिलती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान योग के स्वास्थ्य लाभों और जीवनशैली पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
झंडा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, विद्यार्थी, युवा वर्ग एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से योग को जन-आंदोलन बनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त गिरिडीह के निर्माण का संदेश दिया गया।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।