गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन निवासी टोटो चालक सुनील पासवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार देर शाम वह सोनबाद से सवारी पहुंचाकर टोटो से गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गिरिडीह कॉलेज के समीप तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सुनील पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। हालांकि, धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे। सुनील की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टोटो और चार पहिया वाहन को कब्जे में लेकर बेंगाबाद थाना भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चार पहिया वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।