आयुष हत्याकांड का खुलासा नहीं, न्याय की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना…

Share This News

प्रतिनिधि, खोरीमहुआ। धनवार थाना क्षेत्र के धनवार बाजार में करीब छह माह पूर्व हुई 14 वर्षीय आयुष कुमार की मौत के मामले का अब तक उद्भेदन नहीं होने से नाराज परिजनों और समर्थकों ने सोमवार से खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने का नेतृत्व बसपा नेता दिनेश कुमार दास कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक आयुष की मौत की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

10 फरवरी को घर से हुआ था लापता, कुएं से मिला था शव

परिजनों के अनुसार, इसी वर्ष 10 फरवरी को आयुष धनवार बाजार स्थित अपने घर से अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से आयुष का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद से ही परिवार मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करता रहा है।

परिजनों का आरोप है कि घटना को छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मामले का संतोषजनक खुलासा नहीं हो सका है। इससे परिवार का धैर्य जवाब दे गया और उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

 

न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

बसपा नेता दिनेश कुमार दास ने कहा कि आयुष के परिजनों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से पुलिस और प्रशासन से मामले का उद्भेदन करने की मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

 

परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल और सड़क जाम जैसे कदम उठाने की बात भी कही गई है।

धरने के कारण खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच में तेजी लाने और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की।

 

ये लोग रहे मौजूद

धरने में आयुष के पिता लक्ष्मण दास, मां हेमती देवी के अलावा लक्ष्मी कुमारी, रंजीत दास, मंजू देवी, सुमी देवी, आशीष दास, बिशनी देवी, आयन कुमार, बिहारी दास, रूमाली देवी, संगीता कुमारी, चंदन कुमार, बाजो दास, फूलमती देवी, करमी देवी, रूपा कुमारी, करण कुमार, कलवा देवी, अजय दास, विजय दास समेत काफी संख्या में लोग शामिल हुए।