गिरिडीह: गिरिडीह शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 22 अगस्त को प्रस्तावित आक्रोश यात्रा को जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। गिरिडीह के अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने इसकी जानकारी दी।
प्रशासन के अनुसार, जनता जागरूकता संघ वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से 22 अगस्त को आक्रोश यात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी। आवेदन में 21 अगस्त को छात्रों के विरोध प्रदर्शन और MMDRAB-2026 को लेकर हुए धरने तथा प्रदर्शन के दौरान उत्पन्न विवाद का उल्लेख किया गया था।

एसडीओ ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए शहर में तनाव बढ़ने और विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे में आक्रोश यात्रा की अनुमति देना प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रा की अनुमति नहीं दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा, शहर में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से बचें और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से दूर रहने को कहा है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।