दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, डीसी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की आवाजाही होगी, ऐसे में लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों, पूजा स्थलों एवं छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंडालों एवं घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पहुंच पथ तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील एवं गहरे जल वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भी निर्देश दिया गया।

नगर निगम को पर्व को देखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों से कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया। जलजमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर जल निकासी की व्यवस्था करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों एवं छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जाम की स्थिति से निपटने के लिए रूट प्लान, पार्किंग एवं आवश्यक वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने पर जोर दिया।

बैठक में पूजा पंडालों में प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। छठ घाटों पर फिसलन वाले स्थानों, गहरे पानी एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

बैठक में महापौर प्रमिला मेहरा, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page