गाड़ी दिलाने के नाम पर 21 से अधिक लोगों से लाखों की ठगी का आरोप, नवडीहा ओपी में सामूहिक शिकायत

Share This News

गादी नवडीहा (गिरिडीह): सस्ते में कार, ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल दिलाने तथा लोन की किस्त खुद चुकाने का झांसा देकर 21 से अधिक लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले को लेकर तरौन (गादी नवडीहा) निवासी शमीम अख्तर, पिता मुस्लिम अंसारी के खिलाफ भुक्तभोगियों ने नवडीहा ओपी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ितों का आरोप है कि शमीम अख्तर ने विभिन्न लोगों को कम कीमत पर वाहन दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही कहा गया कि वाहन खरीदने के बाद लोन की मासिक किस्त (EMI) वह स्वयं जमा करेगा। इस भरोसे में आकर लोगों ने नकद और यूपीआई के माध्यम से आरोपी को रकम दी तथा अपने नाम पर वाहन का लोन कराया।

पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआती तीन-चार महीने तक लोन की किस्त जमा की, लेकिन इसके बाद किस्त देना बंद कर दिया। अब बैंक की ओर से लोन की किस्त जमा करने का दबाव वाहन मालिकों पर बन रहा है। इससे पीड़ितों की आर्थिक परेशानी बढ़ गई है।

सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप

शिकायत में पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि कंपनी की मुहर और कागजी प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देकर उनसे सादे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए थे। उनका कहना है कि हस्ताक्षर किए गए कागजात अब तक वापस नहीं किए गए हैं। आरोपी से संपर्क करने पर कथित तौर पर लगातार टालमटोल की जा रही है।

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई वाहन खरीदने के नाम पर दी थी। अब एक तरफ रकम वापस नहीं मिल रही है और दूसरी ओर बैंक की किस्त चुकाने की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर आ गई है।

अलग-अलग गांवों के लोगों ने दिया आवेदन

सामूहिक शिकायत पत्र पर अलग-अलग गांवों के 21 से अधिक भुक्तभोगियों के नाम, पते और हस्ताक्षर दर्ज हैं। इनमें समीम अंसारी, सल्लु अंसारी, आलम अंसारी, मो. कुर्बान, सफाउल अंसारी, ताज हसन अंसारी, आरिफ अंसारी, रोकिया खातून, पवन कुमार वर्मा, छोटु प्रसाद वर्मा, अजय कुमार, मनीष कुमार, कुलदीप वर्मा, मो. तस्लीम अंसारी, उसमान अंसारी, कमरूल अंसारी, बेढ़ो महतो, मुरलीधर प्रसाद वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, उमेश कुमार वर्मा, हरिहर प्रसाद वर्मा और एनुल अंसारी समेत अन्य लोग शामिल हैं।

भुक्तभोगियों ने नवडीहा ओपी पुलिस से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने, कथित तौर पर ली गई राशि की बरामदगी कराने तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Post