गिरिडीह : JSSC CGL परीक्षा में कथित पेपर गड़बड़ी से जुड़े मामले में CID की जांच तेज हो गई है। जांच के क्रम में CID की टीम ने रांची नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार को गिरिडीह जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा स्थित उनके आवास से की गई।
जानकारी के अनुसार, CID रांची के डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम देर रात पिहरा पहुंची थी। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के लिए टीम ने एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और गांवा थाना पुलिस की मदद ली। इसके बाद पुलिस टीम ने संजय कुमार के घर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के बाद CID की टीम संजय कुमार को अपने साथ लेकर देर रात ही रांची रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और संदिग्ध कड़ियों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
मामले में CID की ओर से आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ी और उससे संबंधित अन्य पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा सकती है। फिलहाल इस मामले में CID की जांच आगे बढ़ रही है।