गिरिडीह। DAV B.Ed. कॉलेज में पास आउट विद्यार्थियों से मार्कशीट, प्रोविजनल, माइग्रेशन एवं टीसी जैसे आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर कथित रूप से ₹2,500 शुल्क लिए जाने की शिकायत को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रबंधन के समक्ष विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश SFS सह संयोजक अनीश रॉय ने आरोप लगाया कि पास आउट विद्यार्थियों से आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर अनावश्यक एवं कथित रूप से अवैध शुल्क की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से इस प्रकार राशि वसूलना उनके आर्थिक शोषण के समान है और इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए।
छात्र ने ₹10 हजार मांगने और ₹4 हजार देने का लगाया आरोप
BNS DAV Teacher Training College के एक छात्र ने आरोप लगाया कि सेमेस्टर-3 का परिणाम क्लियर कराने और NCL हटवाने के लिए आवेदन पर प्राचार्य के हस्ताक्षर जरूरी थे। छात्र के अनुसार, शिक्षिका गीता मैडम ने कथित रूप से ₹10 हजार देने पर मार्कशीट उपलब्ध कराने और ₹4 हजार देने पर हस्ताक्षर करवाने की बात कही। छात्र ने दावा किया कि उसने ₹4 हजार दिए, लेकिन हस्ताक्षर कई दिनों बाद करवाए गए।
परिषद के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य से वार्ता की मांग की, लेकिन प्राचार्य की ओर से दो कर्मचारियों को बातचीत के लिए भेजा गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस की स्थिति उत्पन्न हो गई। परिषद का कहना है कि कई घंटे बाद कॉलेज परिसर में तनाव बढ़ने पर प्राचार्य एक महिला के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद और बहस होती रही।
ABVP ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों से विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं दस्तावेजों के नाम पर शुल्क लिए जाने को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। परिषद ने कॉलेज प्रबंधन से सभी प्रकार की शुल्क वसूली का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करने और विद्यार्थियों से लिए जा रहे शुल्क की वैधता स्पष्ट करने की मांग की है।
मौके पर नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, कॉलेज मंत्री क्रिस पासवान, जय सिंह, सौरव गुप्ता एवं शशांक कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।