गिरिडीह में डेमोक्रेटिक सेकुलर फ्रंट का हल्लाबोल, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और मुकदमा चलाने की मांग….

Share This News

गिरिडीह में डेमोक्रेटिक सेकुलर फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को झंडा मैदान में आपात बैठक कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता कामेश्वर प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन धरनीधर ने किया।

फ्रंट की यह बैठक ऐसे समय हुई है जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बहस तेज है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न फैसलों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं। 

 

बैठक में फ्रंट नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संविधान और लोकतंत्र के प्रति निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन उनके अनुसार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

फ्रंट ने मांग की कि यदि ज्ञानेश कुमार स्वयं इस्तीफा नहीं देते हैं तो संबंधित संवैधानिक एवं न्यायिक संस्थाएं मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें। हालांकि, चुनाव आयोग ने रिपोर्ट में सामने आए मतभेदों को आंतरिक विचार-विमर्श का हिस्सा बताया है और कहा है कि उसके फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। 

 

बैठक में धरणीधर, कामेश्वर प्रसाद यादव, सतीश कुंदन, राजेश यादव, भुनेश्वर महतो, रवीश आनंद, अमित सिन्हा, श्याम सुंदर यादव, शिवशंकर गोप, मनोज यादव, मुकेश यादव और सुजीत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।