देवरी में लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; चांदी के जेवर और बाइक बरामद

Share This News

गिरिडीह : देवरी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:15 बजे चरघरा स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स के संचालक श्याम सुंदर सोनार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान स्थान पर अपराधियों ने उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में देवरी थाना कांड संख्या 81/26 दर्ज किया गया था। 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र निवासी करीब 27 वर्षीय संतोष पासवान उर्फ चरकू को देवघर जिले से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर लूटे गए चांदी के कुछ आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए गए। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल पहले ही बरामद की जा चुकी हैं। जांच में सामने आया कि इनमें से एक मोटरसाइकिल किसी अन्य व्यक्ति से लूटी गई थी और उसका नंबर प्लेट बदलकर वारदात में इस्तेमाल किया गया था। 

बरामदगी में एक चांदी की चेन, दो चांदी की बिछिया, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त TVS Apache RTR 160 तथा Bajaj Pulsar 150 मोटरसाइकिल शामिल हैं।